कटनी : कुठला थाना इलाके में लमतरा पुल पर गुरुवार दोपहर एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। जानकारी के मुताबिक, इस घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
प्राप्त विवरण के अनुसार, दुर्जनपुर (कैमोर) का निवासी विनोद विश्वकर्मा (45 वर्ष), जो फिलहाल लमतरा में रह रहे थे, 23 अप्रैल को दोपहर लगभग 12 बजे किसी काम से जा रहे थे, तभी लमतरा पुल पर एक तेज गति वाले ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि विनोद विश्वकर्मा की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही कुठला थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक की पत्नी उमा विश्वकर्मा की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 31/26 के तहत धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
