कटनी। स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत शहर की रैंकिंग को सुधारने के लिए नगर पालिक निगम कटनी ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। निगम प्रशासन अब शहर की सफाई को सुनिश्चित करने के लिए दो पालियों में कार्य कर रहा है।
सड़कों पर धूल की मात्रा कम करने के लिए रोड स्वीपिंग मशीन का प्रयोग किया जा रहा है, इसके साथ ही नोडल अधिकारी हर दिन सुबह वार्डों का आकस्मिक निरीक्षण कर रहे हैं। सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में विशेष जागरूकता अभियान के माध्यम से नागरिकों को सूखी और गीली कचरे को अलग करने की जानकारी प्रदान की गई।
नियम उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई: निगम ने सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ अभियान चलाकर 4400 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला है। इसके साथ ही जन स्वास्थ्य की देखभाल के लिए शाम के समय फॉगिंग और सुबह कीटनाशकों का छिड़काव किया जा रहा है। यातायात को सुचारू बनाने के लिए घुमंतू मवेशियों को पकड़ने का अभियान भी निरंतर जारी है।
जल बर्बादी पर निगम की कड़ी नजर; अभियान के तहत अब तक 434 पाइपलाइन लीक को ठीक किया गया
कटनी। ‘जल संरक्षण और संवर्धन अभियान’ के तहत नगर निगम कटनी शहर में हर बूंद पानी की बचत के लिए सख्त कदम उठा रहा है। 19 मार्च से आरंभ हुए इस विशेष अभियान के अंतर्गत निगम की टीमों ने अब तक शहर के विभिन्न स्थानों पर 434 लीक को चिन्हित करके उन्हें ठीक किया है।
कार्यपालन यंत्री श्री सुधीर मिश्रा ने बताया कि विशेष टीमें वार्डों में सक्रिय हैं जो क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की पहचान कर तात्कालिक मरम्मत कर रही हैं। निगम ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे जल अपव्यय की जानकारी शीघ्र कार्यालय को दें, जिससे तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पालतू पशुओं का पंजीकरण
सावधान! यदि बिना पंजीकरण पालतू कुत्ता रखा तो जुर्माना होगा, निगम ने प्रक्रिया शुरू की
कटनी। नगर पालिक निगम अधिनियम के तहत कटनी शहर में पालतू कुत्तों का पंजीकरण अब अनिवार्य कर दिया गया है। अब तक शहर के 18 कुत्ता मालिकों ने अपना पंजीकरण करा लिया है।
स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय सोनी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य रेबीज जैसी बीमारियों की रोकथाम करना और जन सुरक्षा को सुनिश्चित करना है।
पंजीकरण की प्रक्रिया: आवेदन पत्र स्वास्थ्य विभाग (कमरा क्रमांक 66) या वार्ड दरोगा से प्राप्त किया जा सकता है।
शुल्क: वार्षिक शुल्क केवल 150 रुपये है।
आवश्यक दस्तावेज: कुत्ते का चित्र, टीकाकरण कार्ड और निवास प्रमाण पत्र।
निगम ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण कुत्ता रखने वालों पर नियमों के अनुरूप जुर्माना लगाया जाएगा।
जनगणना प्रशिक्षण
जनगणना 2027: कटनी में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए मकान सूचीकरण का प्रशिक्षण दिया गया
कटनी। भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना 2027 की तैयारी के लिए कटनी में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। सोमवार को नालंदा कॉमर्स कॉलेज में दूसरे दिन का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस सत्र में जोन नंबर 2 (वार्ड 16 से 30) के 188 कर्मचारियों को मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक ने कहा कि कर्मचारियों को घरों की नंबरिंग, निर्माण सामग्री का विवरण और परिवार के सदस्यों की जानकारी इकट्ठा करने की तकनीकी विधियाँ सिखाई गईं। इस समय आत्म-गणना संदर्भ आईडी के उपयोग पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
