जिले में अवैध खनिज निकालने, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर एक जिला स्तरीय टीम ने बुधवार को बड़वारा तहसील के विभिन्न नदी किनारों पर एक व्यापक अभियान चलाया, जिसमें कई अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई गई।
अनुविभागीय अधिकारी
(राजस्व) प्रमोद चतुर्वेदी के नेतृत्व में खनिज, राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग के संयुक्त दल ने क्षेत्र की बसाड़ी, भदौरा, सकरीगढ़, सुड्डी और आसपास के नदी किनारों पर छापे मारकर व्यापक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान यह पता चला कि स्थानीय स्तर पर अवैध खनन और परिवहन को आसान बनाने के लिए कई अस्थायी पहुंच मार्ग बनाए गए थे।
संयुक्त टीम की उपस्थिति में इन सभी अवैध मार्गों को जेसीबी मशीन से पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया, ताकि खनिज माफियाओं की गतिविधियों पर तात्कालिक प्रभावी रोक लग सके। निरीक्षण के दौरान अवैध परिवहन में लिप्त एक वाहन को भी जब्त किया गया है, और उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जा रही है। प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस, राजस्व, खनिज और परिवहन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में खनिज संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी हालत में सहन नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ निरंतर कठोर कदम उठाए जाएंगे। इस कार्रवाई में अनुविभागीय दंडाधिकारी प्रमोद चतुर्वेदी, उपसंचालक खनिज आर. के. दीक्षित, तहसीलदार बड़वारा ऋषि गर्ग, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा, नायब तहसीलदार हर्षवर्धन रामटेके, उपनिरीक्षक पुलिस रामनाथ साकेत और अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
