कटनी: थाना एन. के. जे. पुलिस ने लगभग छह महीने से फरार दहेज हत्या के इनामी आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी आशीष मालवीय, जिसके लिए पुलिस अधीक्षक ने ₹2000 का इनाम निर्धारित किया था, उसे जबलपुर के खजरी खिरिया बायपास से घेराबंदी कर पकड़ा गया।
क्या था पूरा मामला?
यह मामला 19 सितंबर 2025 का है, जब कटनी के सरकारी अस्पताल से एक नवविवाहिता की मृत अवस्था में लाए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। मर्ग जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने थाना एन. के. जे. में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। घटना के बाद से मृतिका का पति आशीष मालवीय फरार था।
इनाम और साइबर सेल की मदद से हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने आरोपी पर ₹2000 का इनाम घोषित किया था। एसपी के निर्देशन और एएसपी संतोष डेहरिया व डीएसपी (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम बनाई गई थी।
साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जबलपुर में छिपा हुआ है। दिनांक 29 मार्च 2026 को एन. के. जे. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जबलपुर के पास से आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया है।
