maihar news today 6 दिन से लापता नाबालिग किशोरी का नाले में मिला क्षत-विक्षत शव

मैहर : ताला थाना क्षेत्र के पपरा जंगल में एक नाबालिग लड़की का शव नाले से मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। यह किशोरी पिछले छह दिनों से लापता थी। शव के बुरी हालत में मिलने के कारण अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पहचान कंदहली की रहने वाली 17 वर्षीय दुर्गा यादव, पिता रामकलेश यादव, के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार, दुर्गा यादव मंगलवार को पांच भैंसें लेकर जंगल में चराने गई थी। जब वह देर शाम तक वापस नहीं लौटी, तो परिवारवालों ने उसे खोजना शुरू किया। आसपास के गांवों और जंगल में ढूंढने के बाद भी किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने ताला थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

एक हफ्ते की निरंतर खोजबीन के बाद पपरा जंगल के एक नाले में किशोरी का शव मिला। शव की स्थिति बहुत ही खराब थी, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या या किसी गंभीर घटना की आशंका जताई है।

घटना की जानकारी मिलते ही ताला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा प्रक्रिया की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

मृतक की मां रामबाई यादव ने बताया कि उनकी बेटी भैंसें चराने गई थी। शाम तक घर वापस नहीं आने पर खोज शुरू की गई। बाद में भैंसें तो मिल गईं, लेकिन दुर्गा का कोई पता नहीं मिला।

इस मामले में थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने कहा कि किशोरी का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटना के बाद से इलाके में भय का माहौल बना हुआ है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!