सोशल मीडिया पर जबलपुर पुलिस के पुराने 100 डायल गाड़ियों की बिक्री का एक चौंकाने वाला मामला उजागर हुआ है। एक निजी इंस्टाग्राम प्रोफाइल “गैंगस्टर सेल वैन” द्वारा इन सरकारी वाहन बेचने के वीडियो फैलाए गए। इन वीडियो में पुलिस और डायल 100 लिखी हुई गाड़ियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। साथ ही, कथित रूप से बिक्री के लिए एक मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किया गया है। वीडियो में दिखाई दे रही गाड़ियां पुलिस यार्ड में खड़ी प्रतीत हो रही हैं। इससे यह सवाल उत्पन्न हो रहा है कि यार्ड के अंदर के वीडियो कैसे बनाए गए। नियमों के अनुसार सरकारी वाहन केवल नीलामी प्रक्रिया के जरिए ही बेचे जा सकते हैं। फिलहाल पुलिस विभाग ने कोई नीलामी शुरू नहीं की है। न ही किसी निजी व्यक्ति को वाहनों की बिक्री की अनुमति दी गई है। मीडिया द्वारा जानकारी मिलने के बाद वीडियो को उस अकाउंट से हटा दिया गया है। हालांकि, संबंधित इंस्टाग्राम प्रोफाइल अभी भी सक्रिय है। प्रोफाइल तस्वीर में पुलिस स्टीकर लगी गाड़ी भी दिखाई दे रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को इसकी जांच का कार्य सौंपा गया है। अतिरिक्त एसपी सूर्यकांत शर्मा ने जांच करने और कठोर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। पुलिस अब यह जानने में लगी है कि सरकारी गाड़ियों को बेचने का दावा किसने और किस उद्देश्य से किया।
