नगर निगम आयुक्त का अचानक निरीक्षण सीवर, एसटीपी, पीएम आवास और एमएसडब्ल्यू प्लांट में लापरवाही पर सख्त कदम
कटनी।। नगर निगम प्रशासन द्वारा अमृत योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सीवर लाइन के विस्तार, माधवनगर में चल रहे सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), झिंझरी में स्थित पीएम आवास योजना और एमएसडब्ल्यू प्लांट का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, आयुक्त ने कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति, सुरक्षा प्रबंधों और निर्धारित समय-सीमा का गहनता से अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, पीडीएमसी से सौरभ नौकड़ा एवं अन्य संबद्ध अधिकारी और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सीवर लाइन विस्तार और सड़क पुनर्स्थापन पर सख्त निर्देश
बरगवां और माधवनगर से निरंकारी भवन तक चल रहे सीवर लाइन के विस्तार और सड़क पुनर्स्थापन कार्य का निरीक्षण करते समय निगमायुक्त ने पाइपलाइन की गहराई, जोड़ो की मजबूती, प्रयुक्त सामग्री के मानक और प्रौद्योगिकी के अनुसार कार्य निष्पादन की सतर्कता से जांच की। उन्होंने अगले 10 दिनों में कार्य को समाप्त करने का स्पष्ट निर्देश दिया। कार्यस्थल के आस-पास धूल मिट्टी की सफाई, नियमित जल छिड़काव और नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। बिलहरी मोड़ क्षेत्र में सड़क के कठोर होने के कारण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आयुक्त ने निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के लिए अतिरिक्त मशीनरी और श्रमिक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में अनावश्यक देरी या लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यातायात और सुरक्षा के साथ कार्य करें
कटाएघाट से डन कॉलोनी तक प्रस्तावित सीवर कार्य के लिए ट्रैफिक थाने से समन्वय स्थापित करते हुए पूर्वानुमान तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यस्थल पर बैरिकेडिंग, संकेतक और पैदल यात्री सुरक्षा के प्रभावी प्रबंध अनिवार्य करने का निर्देश दिया गया ताकि जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसटीपी प्लांट में धीमी प्रगति पर नाराजगी
माधवनगर में बन रहे 750 एमएलडी सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण के दौरान सुनाई गई समय-सीमा के अनुसार कार्य की गति संतोषजनक नहीं पाई गई, जिसके कारण निगमायुक्त ने गंभीर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को अतिरिक्त संसाधन लगाने और समानुपातिक प्रगति सुनिश्चित करने के साथ-साथ शेष कार्य को शीघ्र पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।पीएम आवास योजना का निरीक्षण
इसके बाद, निगमायुक्त ने झिंझरी क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के पहले चरण के तहत बनाए गए एलआईजी, एमआईजी और ईडब्ल्यूएस भवनों का दौरा करके अधिकारियों से योजना की प्रगति और संबंधित जानकारी हासिल की।
एमएसडब्ल्यू प्लांट में लापरवाही पर नोटिस के निर्देश
एमएसडब्ल्यू प्लांट की जांच के दौरान, फ्रेश वेस्ट के समय पर निपटारे में कमी से निगमायुक्त ने अपनी कड़ी नाराजगी व्यक्त की और प्लांट प्रमुख तथा स्वतंत्र इंजीनियर युगल दुबे को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, कचरा उठाने वाले वाहनों में लगे जीपीएस प्रणाली की नियमित निगरानी, कचरे की मात्रा का मापन, और नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा निरंतर नजर रखने के सख्त आदेश दिए गए।
गौशाला निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश
अपने दौरे में निगमायुक्त ने अमीरगंज स्थित गौशाला का निरीक्षण भी किया। यहां उन्होंने गौवंश के लिए उपलब्ध चारे, स्वच्छ पानी, शेड, सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन, और पशुओं की स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा की, तथा गौशाला में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शहर के विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता नहीं होगा। नागरिकों की सुविधा, भविष्य की आवश्यकताओं और टिकाऊ निर्माण को ध्यान में रखते हुए, सभी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा करना आवश्यक है। लापरवाह लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
