कटनी – latest katni news todayशहर में यातायात व्यवस्था को सुधारने, सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा सेंट्रल पार्किंग को हटाने की प्रक्रिया में शामिल हुए स्टेशन चौराहा से सुभाष चौक तक के व्यवसायियों से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने निगम पार्षदों की टीम के साथ बातचीत की। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल में मिले सकारात्मक सहयोग के लिए व्यापारियों को धन्यवाद दिया। महापौर ने कहा कि शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुधारने में व्यापारियों का योगदान अत्यंत सराहनीय है। यही सहयोग नगर के विकास में सशक्त बनाता है। स्थानीय नागरिकों के विकास में भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए महापौर ने नगर विकास के अन्य कार्यों में भी स्थानीय व्यवसायियों से सहयोग की अपेक्षा की।
इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल के सदस्य जैसे सुभाष साहू, डॉ रमेश सोनी, जयनारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, बीना संजू बैनर्जी, गोविंद चावला, पार्षद मौसुफ़ बिट्टू वंदना राजकिशोर यादव, शकुंतला सोनी, रेखा संजय तिवारी, सीमा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद कमलेश चौधरी, जीवन चौधरी, डब्बू रजक तथा अन्य जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी, गणमान्य नागरिक और व्यापारी समूह के सदस्य उपस्थित थे।
व्यापारियों के साथ बातचीत के दौरान महापौर श्रीमती सूरी ने मुख्य मार्ग की यातायात स्थिति, पैदल चलनेवालों की सुविधा, नो पार्किंग क्षेत्र, निर्धारित पार्किंग स्थान और व्यावसायिक गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान यह स्पष्ट था कि मुख्य मार्ग के व्यापारी प्रशासन के साथ मिलकर यातायात सुधार के लिए प्रयासरत हैं। कुछ वाहन चालकों द्वारा वाहन बेतरतीब खड़े देख महापौर ने उनसे बात की और निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़ा करने की बात की, जिससे नगर की यातायात व्यवस्था में सुधार हो सके। महापौर ने कहा कि सेंट्रल पार्किंग व्यवस्था का समाप्त होना यातायात अवरोध कम करने में सहायक हुआ है, जिससे नागरिकों को आवागमन में विशेष राहत मिली है और व्यापारिक गतिविधियां भी ज्यादा सुचारू रूप से चल रही हैं। नगर निगम प्रशासन भविष्य में भी संवाद और समन्वय के माध्यम से यातायात सुधार, अतिक्रमण नियंत्रण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए काम करने का संकल्प कर रहा है।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती सूरी ने मुख्य मार्गों की सफाई और सजावट को बेहतर बनाने के लिए सफाई कर्मचारियों को और अधिक प्रयास करने का निर्देश दिया, साथ ही अव्यवस्थित बैनर और पोस्टर को हटाने तथा गड्ढों की मरम्मत कराने का भी आदेश दिया।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और सुरक्षित रखने में नागरिक और व्यापारी वर्ग इसी तरह सहयोग जारी रखें, ताकि कटनी को एक आदर्श और सुगम नगर के रूप में विकसित किया जा सके।
