बरहटा में दबंगई से खौफ में परिवार: जान से मारने की धमकी और मारपीट का आरोप, पीड़ित ने कटनी SP से लगाई सुरक्षा की गुहार

कटनी (रीठी)। रीठी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरहटा में लगातार हो रहे विवाद, मारपीट और जान से मारने की धमकियों के चलते एक परिवार गहरे खौफ में जीने को मजबूर है। दबंगों के बढ़ते हौसलों से परेशान होकर पीड़ित आनंद तिवारी ने कटनी पुलिस अधीक्षक (SP) के समक्ष उपस्थित होकर एक लिखित शिकायत सौंपी है। पीड़ित ने अपने और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

गाली-गलौज, मारपीट और रास्ता रोकने का आरोप

एसपी को दी गई शिकायत में ग्राम बरहटा निवासी आनंद तिवारी (पिता सुरेश तिवारी) ने आरोप लगाया है कि गांव के ही सोमदत्त तिवारी, उनके पुत्र योगेश तिवारी, विजयांश तिवारी, नितिन तिवारी, श्याम तिवारी, सचिन तिवारी सहित अन्य लोग आए दिन उनके परिवार के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। पीड़ित का कहना है कि आरोपी बेवजह विवाद खड़ा कर रास्ता रोक लेते हैं, जिससे परिवार में असुरक्षा और डर का माहौल व्याप्त है।

‘मेरा बेटा वकील है, जान से मरवा दूंगा’— धमकी देने का गंभीर आरोप

शिकायत में आनंद तिवारी ने उल्लेख किया है कि आरोपी पक्ष की ओर से उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं। आरोप है कि सोमदत्त तिवारी बार-बार यह कहकर दबाव बनाते हैं कि “मेरा बेटा वकील है, तुम लोगों के पूरे परिवार को जान से मरवा दूंगा।”

पीड़ित के अनुसार उनका परिवार केवल 4 सदस्यों का है, जबकि विपक्षी पक्ष में करीब 8 लोग शामिल हैं। संख्या बल का फायदा उठाकर आरोपी आए दिन दबंगई दिखाते हैं, जिसके चलते पीड़ित परिवार अपने दैनिक कार्य भी स्वतंत्रतापूर्वक नहीं कर पा रहा है।

शासकीय शिक्षक पर भी लगे आरोप, जांच की मांग

आनंद तिवारी ने अपनी शिकायत में यह भी उजागर किया है कि विपक्षी पक्ष का एक व्यक्ति शासकीय शिक्षक के पद पर कार्यरत है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और शासकीय सेवा में रहते हुए इस तरह के विवादों में संलिप्तता की भी जांच की जाए।

पूर्व में शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर बढ़ी पुनरावृत्ति

पीड़ित ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर पूर्व में भी रीठी थाना एवं स्थानीय पुलिस अधिकारियों को कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं। हालांकि, समय रहते प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और ऐसी घटनाओं की बार-बार पुनरावृत्ति हो रही है।

पीड़ित आनंद तिवारी ने एसपी कटनी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर त्वरित कानूनी कार्रवाई करने तथा उनके परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!