पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आबकारी एक्ट के तहत की गई कार्रवाई; आरोपी को भेजा गया न्यायालय
बड़वारा . कटनी जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़वारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब का परिवहन कर बिक्री की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 60 लीटर कच्ची शराब और एक बिना नंबर की बाइक जप्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों, जुआ, सट्टा और अवैध शराब की बिक्री पर सख्त अंकुश लगाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बड़वारा पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार पैनी नजर रखी जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा गया
घटना 05 अक्टूबर 2026 की है। बड़वारा पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और अवैध गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम लखाखेरा बैरागी हार, पुरानी डामर सड़क के पास एक व्यक्ति नीले रंग की बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल पर अवैध शराब लादकर ग्राहकों के इंतजार में खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे धर दबोचा।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम समय लाल कोल (पिता सोनेलाल कोल, उम्र 26 वर्ष), निवासी छुहाई टोला चंदिया, थाना चंदिया, जिला उमरिया बताया।
आरोपी के पास रखी मोटरसाइकिल की जांच करने पर चार प्लास्टिक के गुम्मे मिले, जिनमें कुल 60 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग ₹12,000 बताई जा रही है। वैध लाइसेंस व दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
न्यायालय में किया गया पेश
पुलिस ने मौके से ही 60 लीटर अवैध कच्ची शराब और बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल को विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।












Leave a Reply