कटनी (मध्य प्रदेश):
शहर में व्याप्त जनसमस्याओं, निर्माण कार्यों में अनियमितताओं, लंबित योजनाओं, भ्रष्टाचार एवं मूलभूत सुविधाओं की बदहाली के विरोध में मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने कटनी नगर निगम का विशाल महाघेराव किया। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया के नेतृत्व और प्रदेश सचिव दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ व जिलाध्यक्ष मोहम्मद इसराइल के संयोजन में हजारों कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर “चार साल कटनी शहर बदहाल” के नारों के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने निगम गेट का ताला तोड़ दिया, जिससे पुलिस के साथ तीखी धक्का-मुक्की हुई।
विरोध का अनूठा तरीका: मटके फोड़े और सौंपा नकली नोटों से भरा सूटकेस
प्रदर्शनकारियों ने नगर सरकार पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध स्वरूप नकली नोटों की गड्डियों से भरा सूटकेस सौंपा। वहीं, शहर में दोनों समय पर्याप्त जलापूर्ति की मांग को लेकर महिला कार्यकर्ताओं ने मटके फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया।
योजनाओं में गड़बड़ी और भू-लेनदेन पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान प्रमुख मुद्दों को उठाते हुए मांग की गई कि:
- योजना क्र. 2: 132 हितग्राहियों को वर्षों से लंबित भूखंडों का तुरंत कब्जा दिया जाए।
- योजना क्र. 15: लगभग 20.50 एकड़ अधिग्रहित भूमि मामले में कथित भूमि लेन-देन एवं अवैध कब्जे की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच की जाए। युवा कांग्रेस सचिव अंशु मिश्रा ने आरोप लगाया कि “एक तरफ नगर निगम फंड का रोना रोता है, दूसरी तरफ बेशकीमती जमीनों पर अवैध कब्जे हैं। जनता के हित के लिए हम सड़क से लेकर कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।”
कचरा प्रबंधन, सिटी बस और मूलभूत सुविधाओं की बदहाली
युवा कांग्रेस ने MSW कंपनी के कचरा प्रबंधन, वाहनों की खरीद व टेंडर प्रक्रिया, बंद पड़ी सिटी बस सेवा को दोबारा शुरू करने, मल्टीलेवल पार्किंग व चौपाटी के अधूरे निर्माण कार्य पूरे करने और आउटसोर्स कर्मचारियों के भुगतान की जांच की मांग की। NSUI जिलाध्यक्ष अजय खटिक ने सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को तुरंत प्रारंभ करने की मांग उठाई।
चार साल की ‘नगर सरकार’ पर निष्पक्ष जांच और ऑडिट की मांग
प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने कहा कि यह प्रदर्शन कटनी की करदाता जनता की आवाज है। संगठन ने नगर निगम से जुड़े सभी संदिग्ध मामलों का थर्ड-पार्टी तकनीकी व वित्तीय ऑडिट कराने और समयबद्ध कार्ययोजना सार्वजनिक करने की मांग की है। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
महत्वपूर्ण उपस्थिति:
प्रदर्शन में पूर्व विधायक बसंत सिंह, जालिम यादव, राजा जगवानी, वरिष्ठ नेता कमल पांडे, मौसूफ अहमद बिट्टू, राष्ट्रीय प्रवक्ता सौम्या राँधेलिया, मनोज गुप्ता, सचिन गर्ग, शशांक गुप्ता, सूर्यकांत कुशवाहा, अनुराग दहिया, राजीव पटेल, विनीत जायसवाल, राहुल पटरिया, संतोष यादव, दानिश अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












Leave a Reply