vijayraghavgarh news today कैमोर झुकेही मार्ग का यातायात बुरी तरह प्रभावितआये दिन लगता है घंटों का जाम , जिम्मेदार बेपरवाह

विजयराघवगढ़ – कैमोर झुकेही मुख्य मार्ग पर ग्राम बडा़री रेलवे बैरियर को बंद कर रेलवे ने एक अंडरब्रिज का निर्माण किया है। इस अंडरब्रिज के विकास में तकनीकी खामियों और सर्वेक्षण में की गई लापरवाही का परिणाम यह है कि जिस दिन से इसे सार्वजनिक आवागमन के लिए खोला गया है, उस दिन से कैमोर झुकेही मुख्य मार्ग का ट्रैफिक अत्यधिक प्रभावित हुआ है। खनिज क्षेत्र होने के कारण, इस मार्ग से प्रतिदिन सैंकड़ों ट्रक, डम्फर और बल्कर गुजरते हैं। अचानक मोड़ आने से ब्रेक लगाते समय वाहन ब्रेकडाउन होते हैं और कभी-कभी ऐसा होने पर 24 घंटों तक वाहन ठीक ना होने से जाम की स्थिति बन जाती है।
मुख्य मार्ग पर इस प्रकार का अंडर ब्रिज बनाना समझ के परे है। अंडर ब्रिज के दोनों किनारों पर ऊर्ध्वाधर चढ़ाई बना दी गई है, जिससे बड़े वाहन चढ़ाई नहीं कर पाते और पीछे की ओर लुढ़क जाते हैं, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
कैमोर और अमेहटा के बीच भारी यातायात का दबाव
अडानी एसीसी सीमेंट प्लांट अमेहटा और कैमोर में स्थित हैं, इन दोनों प्लांट्स के बीच भारी वाहनों की आवाजाही होती है। बडा़री में रेल्वे साइडिंग के कारण प्रतिदिन गिट्टी के रैक लोड होते हैं, जिनका मटेरियल शिफ्टिंग क्रशरों और खदानों से किया जाता है। ये अंडर ब्रिज छोटा होने के कारण वाहन फंस जाते हैं।बडा़री अंडर ब्रिज पर यदि वाहन में खराबी उत्पन्न होती है, जिसके कारण लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है, तो रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी दर्शक की तरह रहते हैं, और 24 घंटे बीतने के बावजूद रेलवे द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।
रेल मंत्रालय में की गई है शिकायत
बड़ारी रेल अंडर ब्रिज के निर्माण के समय से ही गांव के निवासी आश्चर्य तिवारी ने सीपी ग्राम लोक शिकायत विभाग दिल्ली में अपनी शिकायत दर्ज की थी, लेकिन डीआरएम जबलपुर ने इस शिकायत पर कोई विशेष ध्यान नहीं दिया। तकनीकी लापरवाही से निर्मित इस बड़ारी रेल अंडर ब्रिज को केवल छोटे वाहनों के उपयोग तक सीमित करने के लिए, आश्चर्य तिवारी ने हाल ही में शिकायत में अनुरोध किया है कि रेलवे गेट फिर से खोला जाए। ग्रामीणों ने सूचित किया कि अंडर ब्रिज के चालू होने के बाद से 24 बार ट्रकों के फंसने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हुई है। एक ट्रक के पिछड़ने के कारण अंडर ब्रिज के पिलर से टकराने से अंडर ब्रिज को क्षति पहुंची थी। जिस स्थान पर अंडर ब्रिज का निर्माण किया गया है, वहां सरकारी नाला था, जिससे पहाड़ का पानी बारिश के दौरान बहुत अधिक बहता है। अंडर ब्रिज की गहराई के कारण बारिश के मौसम में यह पानी में डूब गया था और भविष्य में भी यह बारिश में भर जाएगा। रेलवे के इंजीनियर्स की लापरवाही के चलते इस तरह की घटिया गुणवत्ता का अंडर ब्रिज कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!