श्रीराम के उद्घोष के साथ घर घर वितरण किए गए अयोध्या से आए अक्षत

बरेली/ शेरगढ़। पुरूषोत्तम श्रीराम की नगरी अयोध्या से आए पूजित अक्षतों को भाजपा एवं संघ कार्य कर्ताओं की ओर से कस्बा तथा ग्रामीण अंचलों में टोलियां बनाकर घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है।

बुधवार को कस्बे के मोहल्ला बाजार,मोहल्ला जाटव पूरा,गांधीनगर तथा शिव मंदिर समेत नगर में स्वयंसेवकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रीराम के उद्घोष के साथ पूजित अक्षतों को घर घर जाकर वितरण किया।

इस दौरान उन्होंने उत्साह के साथ अक्षत वितरण करते हुए कस्बे वासियों से 22 जनवरी को अपने- अपने घरों में दीपक जलाने और सजावट करने का आग्रह किया। भोर होते ही कड़ाके की ठंड के बीच अक्षत वितरण को निकले श्री रामदूतो ने लोगों से 22 जनवरी को मंदिरों शिवालयों देवालयों तथा घरों में भव्य सजावट करने के साथ ही रामायण का पाठ,भजन कीर्तन एवं यज्ञ करने का आव्हान किया।

इस मौके पर चेयरमैन बुद्धसेन मौर्य,डॉ नत्थू लाल गंगवार,दिनेश शर्मा,विकास गुप्ता,डॉ कल्याण राय श्रीवास्तव,राम औतार मौर्य, पप्पू कश्यप, चंद्रशेखर गुप्ता, राघवेंद्र पाठक, डॉ मनोज रस्तोगी,बाबूराम मौर्य,मेवाराम गंगवार,चंद्रपाल चंद्रा,राजेश रस्तोगी आदि का विशेष सहयोग रहा।

मुख्यमंत्री योगी ने बरेली पहुंचकर तीन हजार चार सौ पाँच करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण


बरेली। मुख्यमंत्री योगी बुधवार को बरेली पहुंचकर मेला क्लब में जनसभा को संबोधित करते हुए बोले कि आज उत्तर प्रदेश देश के सबसे प्रगतिशील स्टेट के रूप में स्थापित हो रहा है। उन्होंने कहा हमें उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने के लिए मिलकर कार्य करना होगा।


दशकों तक परिवारवाद, जातिवाद और विभाजन की राजनीति का शिकार उत्तर प्रदेश आज देश के प्रगतिशील राज्य के रुप में स्थापित हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने बुधवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत बरेली क्लब यात्रा मैदान में तीन हजार चार सौ पाँच करोड़ रुपए की 170 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इस दौरान उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं के पात्र लोगों को प्रमाण पत्र भी वितरित किया। इस मौके पर उन्होने कहा कि परिवारवाद, जातिवाद और विभाजन की राजनीति करने वालों ने उत्तर प्रदेश के नौजावानों के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया था लेकिन आज आप देश के किसी भी राज्य में जाइए और बोलिए कि उत्तर प्रदेश हैं तो लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिलती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन ही हमारा मिशन है। इसके तहत हमारी सरकार बिना भेदभाव के शासन की योजनाएं प्रदेश के सभी नागरिकों को बिना भेदभाव के उपलब्ध करा रही है।


योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का संकल्प हम लोगों के सामने रखा है। उन्होने लोगों को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए पंच प्रण गुलाम की मानसिकता से मुक्ति विकसित भारत, विरासत पर गर्व, एकता एवं एकजुटता और नागरिक कर्तव्य की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का यात्रा का यही संकल्प है और हमें इसी संकल्पना के साथ आगे बढ़ना होगा।उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का हर नागरिक अपने आपको सुरक्षित महसूस करता है।

लोककल्याण की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति को मिल रही है। विकास की बड़ी योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। आज नये भारत का अनुसरण पूरी दुनिया कर रही है। यह भारत की 140 करोड़ की आबादी के लिए गौरव और सम्मान की बात है।


योगी ने कहा कि पहले की सरकारों में लोग अयोध्या का नाम लेने से डरते थे। उन्हें लगता था कि अयोध्या का नाम ले लेंगे तो उन पर कलंक लग जाएगा, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। 500 वर्ष की तपस्या और संघर्ष समाप्त हो चुका है। आज पूरी दुनिया अयोध्या आना चाहती है। अब अयोध्या में सड़क, हवाई और रेल कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। उन्होंने कहा कि अब नये भारत के नये उत्तर प्रदेश में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के भक्तों को त्रेतायुगीन अयोध्या के दर्शन होंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में महीनों तक कर्फ्यू लगता था। हमने कर्फ्यू को कांवड़ यात्रा में बदल दिया है। घंट और घड़ियाल बजाते हुए पूरे प्रदेश में शानदार तरीके से कांवड़ यात्रा निकलती है। अब कर्फ्यू लगाने वालों के घरों में कर्फ्यू लग जाता है। यही नया उत्तर प्रदेश है, जहां पिछले साढ़े छह-सात वर्षों में कोई दंगा-फसाद नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पहले रोजगार के नाम पर एक परिवार पूरे प्रदेश में जाकर नौजवानों से वसूली करता था।

हमारी सरकार ने पिछले छह वर्ष में छह लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है। एक करोड़ 75 लाख से अधिक नौजवानों को निजी क्षेत्र में नौकरी देने में सफल रही है। योगी ने कहा कि पहले की सरकार बहन-बेटियों के लिए खतरा बनने वाले शरारती तत्वों को प्रश्रय देती थी। आज उन शरारती तत्वों के लिए उत्तर प्रदेश की पुलिस खतरा बनी हुई है।

हमारी सरकार बरेली में बन रहे नाथ कॉरिडोर को फाइनल स्वरूप दे रही है। नाथ कॉरिडोर को जोड़ने वाले जितने भी महत्वपूर्ण रास्ते हैं, उन्हें स्वीकृति दे दी गई है। यही विरासत का सम्मान है। अगली बार जब आएंगे तो विभिन्न परियोजनाओं को लोकार्पण करेंगे।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, वन एवं पर्यावरण के राज्य मंत्री डॉ अरुण कुमार कुमार सक्सेना, सांसद बरेली संतोष गंगवार, सांसद आंवला धर्मेंद्र कश्यप, महापौर डॉ उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक डॉ०राघवेंद्र शर्मा, सजीव अग्रवाल, डॉ०श्याम बिहारी लाल,अन्य विधायकगण सहित भारी संख्या में लाभार्थी और लोग मौजूद थे।

error: Content is protected !!