मेयर उमेश गौतम ने ठंड में जमीन पर बैठाकर निराश्रित लोगों को बाँटे कंबल

सीबीगंज (बरेली)। तमाम अव्यवस्थाओं के बीच मेयर उमेश गौतम ने निराश्रितों और महिलाओं को कंबल वितरित किये। जमीन पर बैठे निराश्रितों और महिलाओं ने कंबल के इंतजार में खुले आसमान के नीचे कप कपाती ठंड में बिताए दो घंटे से अधिक।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीबीगंज स्थित लोहिया बिहार कॉलोनी के पार्क में शहर के मेयर उमेश गौतम द्वारा कंबल वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया गया। हालांकि यह कंबल वितरण कार्यक्रम मेयर उमेश गौतम द्वारा ही प्रस्तावित था क्षेत्र की जनता को कड़ाके की ठंड से बचाने के लिए मेयर के द्वारा कंबलों की व्यवस्था की गई थी, इस कार्यक्रम में भाजपा के पूरे लाव लश्कर की उपस्थित के बीच उमेश गौतम ने सरकार की योजनाओं का बखान किया, लगभग दो घण्टे तक चले इस कार्यक्रम में तमाम अव्यवस्थाएं देखी गई, जहां एक तरफ कप कपाती ठंड में दूर-दराज से आई हुई महिलाएं जमीन पर बैठी नजर आईं, वहीं दूसरी तरफ खुले आसमान के नीचे बैठी इन महिलाओं के लिए ठंड से बचने के लिए किसी प्रकार का कोई अलाव जलता हुआ नही दिखा।

शहर के प्रथम व्यक्ति उमेश गौतम ने इस कार्यक्रम में कंबल के अतिरिक्त गर्म टोपी भी वितरित की। मीडिया का ध्यान आकर्षण करने के लिए कुछ देर के लिए मेयर और उनके कारिंदों ने भी जमीन पर बैठ कर लोगों की वाहवाई बटोरी। सुबह 8 बजे से कड़ाके की ठंड में कंबल के इंतजार में जमीन पर बैठी महिलाओं को कम्बल मिलने से कुछ राहत मिली।

इस अवसर पर मेयर उमेश गौतम के सहयोग के लिए क्षेत्रीय पार्षद रचित गुप्ता, वेद राम मौर्य, राम सिंह पाल, के साथ सत्येंद्र प्रजापति, सुखदीश कश्यप, गिरीश चंद्र शर्मा, ज्ञान प्रकाश लोधी, पूरन लाल लोधी, सुदेश कांडपाल, अमन गुप्ता, कृष्णपाल मौर्य, सोमपाल लोधी मौजूद रहे।

आशा संगिनी संघ ने सीएमओ को ज्ञापन सौंपा, बकाया भुगतान की मांग

बरेली। वर्ष 2022 के बकाया भुगतान की मांग को लेकर आशा संगिनी संघ का शिष्टमंडल जिला उपाध्यक्ष मंजू गंगवार के नेतृत्व में मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विश्राम सिंह से मिला तथा ज्ञापन देकर अरसे से लंबित बकाया भुगतान की मांग की।

इस दौरान उन्होंने सीएमओ को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर नूतन वर्ष की शुभकामनाएं दीं। आशा संगिनी संघ की जिला उपाध्यक्ष मंजू गंगवार के नेतृत्व में मंगलवार को सीएमओ कार्यालय पहुंची आशा संगिनियों ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि ब्लॉक नवाबगंज,रामनगर,बहेड़ी तथा भमोरा की आशा संगिनियों का वर्ष 2022 का लंबित बकाया भुगतान अरसे बाद भी नहीं किया जा सका है जबकि आशा संगिनी संघ कई बार लिखित रूप में प्रार्थना पत्र देकर कार्यालय को अवगत करा चुका है।

सीएमओ को दिए मांग पत्र में आशा संगिनियों ने कहा है कि यदि अति शीघ्र उनके लंबित बकाय का भुगतान नहीं किया गया तो आशा संगिनी संघ धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। इस दौरान आशा संगिनी संघ की कविता,फूलवती तथा पवन कुमारी मौजूद रहीं।

ठंड से कंपकंपाते लोगों का अलाव बना सहारा, चाय की चुस्कियों के बीच गुजरा दिन

बरेली/शेरगढ़। नव वर्ष के पहले दिन सोमवार को गज़ब की धूप खिलने के बाद मंगलवार को ठंड का असर देखने को मिला ठंड के चलते लोग कंपकंपाते नजर आए। मंगलवार को दोपहर बाद तक सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए जिसके चलते कड़ाके की ठंड से कस्बा समेत ग्रामीण अंचलों में लोग परेशान रहे।

जनवरी माह की हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने लोगों को अलाव के इर्द-गिर्द रहने को मजबूर कर दिया। कस्बा समेत ग्रामीण अंचलों नगरिया कलां,बैरमनगर,गहलुइया, मोहिउद्दीनपुर,सिमरावा,केसरपुर, पिपरिया, रम्पुरा, सलपुरा, बरीपुरा, कस्बापुर तथा मोहम्मदपुर आदि समेत क्षेत्र में ठंड को लेकर जनजीवन प्रभावित सा रहा।


ठंड से निजात पाने को लोग अलाव का सहारा लेते दिखे। ब्लॉक मुख्यालय पर कर्मचारी ठंड को लेकर खासे परेशान रहे जो काम के दबाव के बीच अलाव से चिपके रहे।इधर कोहरा भरे मौसम में सबसे बड़ी परेशानी कर्मचारियों को उठानी पड़ रही है जो ठंड में ठिठुरते कार्यालय पहुंच रहे हैं।

ग्रामीण अंचलों में बुजुर्ग और बच्चे अलाव से चिपके रहे। जनवरी माह की ठंड का असर सड़कों पर भी देखने को मिला, दुकानों पर पहले की अपेक्षा गर्म कपड़ों की खरीदारी लोग करते नजर आए वहीं कार्यालय पहुंचे कर्मचारियों ने अलाव के सहारे जरूरी काम निपटाए।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ गजेंद्र सिंह ने बताया कि ठंड से बचाव को जागरूक रहते हुए बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखें,उचित देखभाल करने के साथ ही मौसम अनुरूप खाद्य पदार्थों का सेवन कराएं। बच्चों को मौसम अनुरूप पौष्टिक आहार देना कतई न भूलें तथा शारीरिक प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली वस्तुओं का सेवन करें।

धूमधाम से मनाया भाजपा विधायक डॉ. श्याम विहारी लाल का 59 वाँ जन्मदिन


फरीदपुर। विधायक आवास पर कार्यक्रम के मे भाजपा की क्षेत्रीय विधायक का कार्यकर्ताओं ने बड़ी धूमधाम से जन्मदिन मनाया, विधायक जी ने केक काटकर कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा कराया कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक भोज आयोजित किया गया, बता दें कि योगी सरकार में भाजपा के क्षेत्रीय विधायक प्रोफेसर डॉक्टर श्याम बिहारी लाल का नव वर्ष के दिन 59 वां जन्मदिन था इसकी जानकारी भाजपाइयों को पहले ही लग चुकी थी उन्होंने कार्यक्रम के तहत विधायक को उनके आवास पर स्थित कार्यालय पर बुलाया कार्यकर्ताओं की पहल पर विधायक जी को आना ही पड़ा भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने अपने विधायक को फूल मालाओं से लाद दिया और उनका 59 वां जन्मदिन बड़े जोश के साथ मनाया इसकी कार्यकर्ताओं ने तैयारी पहले ही पूरी कर ली थी।

कार्यकर्ताओं के बीच विधायक जी ने खुशी के साथ केक काटकर लोगों का मुंह मीठा कराया और जन्मदिन की खुशी का इजहार किया तमाम लोगों ने विधायक जी को जन्मदिन पर उन्हें उपहार भेंट किए लेकिन विधायक जी ने कोई भी उपहार ग्रहण नहीं किया और कहा कि आप लोगों का जो प्यार है वही मेरे लिए सबसे बड़ा आपका उपहार है इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष श्यामदेव सिंह,डॉक्टर अनिल मिश्रा ,दीपक अग्रवाल ,भाजपा नेता उवैश चौहान , पूर्व पालिका अध्यक्ष पूनम गुप्ता उनके पति ब्रह्मा शंकर गुप्ता, महिला नगर अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल , पुष्पेंद्र यादव, नगर अध्यक्ष भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष ओमवीर गुर्जर ,मंडल अध्यक्ष रजऊ परसपुर अनिल कश्यप , सत्यम गुप्ता पुष्पेंद्र बघेल ,जिला उपाध्यक्ष भाजपा अमिताभ कठेरिया ,संजीव सिंह नीटू, हिंदू जागरण मंच के प्रदेश सहसंयोजक जितेंद्र सिंह , शिव कुमार भाटी ,कल्पना सिंह , विद्यार्थी परिषद के पूर्व विभाग संगठन मंत्री संजय सिंह , नगर पालिका परिषद के सभासद देवेंद्र सिंह टोनी व स्थानीय पत्रकार गण क्षेत्राधिकारी गौरव सिंह ,प्रभारी निरीक्षक रामसेवक , कस्वा इंचार्ज मुनेंद्र पाल , राजेश गुप्ता , सरदार लवी सिंह ,शैलेश सिंह बिल्लू , महिला मोर्चा जिला महामंत्री ममता अग्रवाल ,सुवासिनी जायसवाल , राजेश गुप्ता आदि सैकड़ो कार्यकर्ता व समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

भारतीय किसान यूनियन (शंकर) के जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह ने आंवला उप-जिलाअधिकरी को वाहन चालको पर लगे अमाननिय कानून को हटाने हेतु सौंपा ज्ञापन


आंवला। आज भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह ने समस्त कार्यकर्ताओं को लेकर आंवला के उप-जिलाअधिकारी को सौंपे गये ज्ञापन के माधयम से उन्होने कहा कि वाहन चालको पर लगे बेबुनियादी कानून को तुरन्त हटाया जाये क्यूकि इस कानून कि वजह से पूरे भारत वर्ष के वाहन चालको मे रोष व्यक्त है तथा इस कानून कि डर कि वजह से आयात और निर्यात मे बाधा उत्पन हो रही है।

इस कानून के डर से भारत वर्ष के समस्त चालको पर बुरा प्रभाव पड़ा है, कोइ भी वाहन चालक यह नहीं चाहता कि इन्सान् तो इन्सान् जानवर तक का एक्सीडेंट करने से बचाता है बल्कि एक छोटे से छोटे जानवर की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम मे डालदेता है।

जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह ने कहा कि यदि यह कानून बापस नही लिया जाता हैं तो आने वाले समय मे किसान यूनियन कि ओर से रेल रोको अभियान चलाया जायेगा भारतीय किसान यूनियन के अन्य
कार्यकर्ताओं मे रमेश पाल सिंह , हरी शंकर गेंदनलाल, गंगा सिंह, मोतीराम आदि मौजूद रहै।

नगर पालिका परिषद आंवला के अध्यक्ष सय्यद आबिद अली ने कोहरे और शीत लहर के चलते की अलाव की व्यवस्था

आंवला। नगर पालिका परिषद की ओर से आंवला के प्रत्येक चोराहो पर सर्दी से बचाव के लिए अलाव की व्यवस्था की गयी। फूटा दरवाजा , तहसील तिराह, बजरिया , गौसिया चौक , अलीगंज बस स्टैड नगरिया , मुहब्बतगज गौंटिया , कच्चा कटरा , अबादानपुर , मिर्जा पुर, बेहटा बुजुर्ग सभी स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गयी।

आंवला के चेयरमैन सय्यद आबिद अली ने बताया कि नगरपालिका की ओर से शीतकालीन तक अलाव की व्यवस्था की होती रहेगी।

बहेड़ी पुलिस ने चोरी की गाड़ी काटने वाले सात कबाडीयों को गिरफ्तार कर भेजा जेल


बहेड़ी। कोतवाली पुलिस ने गस्त के दौरान बहेड़ी बाईपास रोड पर कबाड़ की दुकान पर चेकिंग के दौरान, कुछ व्यक्ति गाड़ियों के इंजन कबाड़ में काट रहे थे, व गाड़ी पर धोखाधड़ी करने के उद्देश्य से फर्जी नंबर प्लेट लगा रहे थे, इसी दौरान मौके से पुलिस ने सात व्यक्तियों को नए साल के पहले दिन समय करीब 3:50 बजे गिरफ्तार कर लिया जबकि एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर दीवार कूद कर भागने में कामयाब हो गया।

पुलिस की पूछताछ में व्यक्तियों ने अपने नाम मोहम्मद कमर, मोहम्मद शाहरुख, हसनैन, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद बिलाल, मोहम्मद इरशाद, नईम अहमद व फरार व्यक्ति का नाम फैजल निवासी उत्तराखंड किच्छा बताया है, पुलिस ने मौके से चार अदद कार व सात गाड़ियों के इंजन एवं गाड़ी काटने के उपकरण बरामद हुए हैं, बहेड़ी पुलिस ने इस मामले में सभी अभियुक्तों पर मुकदमा पंजीकृत कर विधिवत कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया है।

अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाल प्रवीन सोलंकी, कस्बा इंचार्ज अशोक कुमार, पर्मेन्द्र पंवार, सुदेश पाल, विकास कुमार, राहुल कुमार, शांति स्वरूप, दुर्गेश कुमार, शिवांशु राठी, आकाश राना, पंकज कुमार, रवि कुमार, राहुल कुमार आदि लोग मौजूद रहे

आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों को मिलेगा अब गरमा-गरम खाना

सीबीगंज (बरेली)। आंगनवाड़ी केंद्रों में 3 से 6 साल के बच्चों के लिए हॉट कुक्ड फूड योजना लागू की गई है जिसके अंतर्गत अब आंगनबाड़ी केंद्रो में आने वाले बच्चों को अब सूखे भोजन की जगह पका पकाया गर्म भोजन दिया जायेगा। इसके लिए सरकार द्वारा खाद्यान्न की व्यवस्था तथा भोजन पकाने के लिए आने वाली लागत की व्यवस्था भी की जा चुकी है।

खाद्यान्न कोटेदारों के माध्यम से प्राप्त होगा वही भोजन बनाने में आने वाली लागत की धनराशि आंगनवाड़ी व ग्राम प्रधान के संयुक्त खाते में भेजी गई है। आपको बता दें कि इस भोजन को बनाने में जिन बर्तनों का इस्तेमाल होगा उनकी खरीद के लिए ग्राम निधि में पैसा भेजा जा चुका हैं। अब वस इंतजार उस दिन का है जब ग्रामीण व नगरीय क्षेत्र में पढ़ रहे आंगनबाड़ी केदो में बच्चों को पका पकाया कम भोजन प्राप्त होगा।

जो आंगनवाड़ी केंद्र स्कूल परिसर में संचालित हो रहे हैं उनमें प्रतिदिन बच्चों को गर्म पका पकाया भोजन मिलेगा। इस योजना के तहत जब स्कूलों में सर्दी व गर्मी की छुट्टियों होंगी तब भी आंगनबाड़ी के बच्चों को भोजन वितरण किया जाएगा।इस दौरान भोजन बनाने व वितरण की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिका की होगी। आंगनबाड़ी के बच्चों को भी मिड-डे-मील की तरह ही भोजन वितरित किया जायेगा।
इसमें प्रति बच्चे को 70 ग्राम गर्म पका पकाया भोजन मिड-डे-मील के ही मेन्यू के अनुसार दिया जाएगा।

प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के रसोईयां व आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकत्री और सहायिकाओं संयुक्त रूप से मध्यान्ह भोजन तैयार कर बच्चों को देने के नियम बनाये गए हैं। इस कार्य के लिए रसोईया को 50 पैसे प्रति बच्चा प्रति कार्य दिवस अतिरिक्त दिया जाएगा। जारी आदेश के अंतर्गत प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय की 200 मीटर की परिधि में आने वाले केंद्र का भोजन किस विद्यालय में बनेगा, यह निर्णय संबंधित जिलाधिकारी लेंगे। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय से 200 मीटर के अंदर स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों पर भोजन पहुंचाने व वितरित करवाने की जिम्मेदारी संबंधित आंगनबाड़ी सहायिका की होगी।

बरेली बार एसोसिएशन का शपथ ग्रहण होगा कल, भव्य समारोह की तैयारियां पूरी

अध्यक्ष मनोज हरित व सचिव वीपी ध्यानी की टीम संभालेगी कामकाज

बरेली। बरेली बार एसोसियेशन का शपथ ग्रहण समारोह को लेकर इस बार भव्य तैयारियां की गई हैं। समारोह एक बजे से होगा। समारोह के मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश श्री विनोद कुमार दुबे (एचजेएस) होंगे। जनपद न्यायाधीश बार अध्यक्ष मनोज हरित, सचिव वीपी ध्यानी समेत पूरी टीम को शपथ ग्रहण करायेंगे।


बार एसोसियेशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज हरित ने बताया कि सर्वसम्मति से शपथ ग्रहण समारोह को तीन जनवरी को करने का फैसला किया गया है। जनपद न्यायाधीश श्री विनोद कुमार दुबे (एचजेएस) नवनिर्वाचित अध्यक्ष व सचिव समेत सभी पदाधिकारियों व प्रबंध कार्यकारिणी को शपथ दिलायेंगे। कार्यक्रम दोपहर एक बजे से शुरु होगा। कार्यक्रम में समस्त अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों व समाज के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।


बार सभागार में होने वाले इस कार्यक्रम के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभागार को दुल्हन की तरह सजाया गया है। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष शेर सिंह गंगवार, उपाध्यक्ष अनुपम अग्रवाल, कनिष्ठ उपाध्यक्ष ललित कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष जयपाल कश्यप, संयुक्त सचिव पुस्तकालय चमन आरा, संयुक्त सचिव प्रकाशन रोहित यादव, संयुक्त सचिव प्रशासन मोहम्मद नसीम सैफी, प्रबंध कार्यकारिणी वरिष्ठ के सदस्य प्रदीप कुमार यादव, श्रीमती गायत्री, आदित्य कुमार सक्सेना, अजय कुमार मौर्या, अमित सक्सेना बिंदु, फिरोज मोहम्मद, प्रबंध कार्यकारिणी कनिष्ठ के सदस्य प्रेरणा मौर्य, मोहम्मद आमिर खान, कविता सक्सेना, पुनीत कुमार आर्या, अमन अवस्थी, अमित कश्यप शपथ ग्रहण करेंगे।


पहली बार बार अध्यक्ष का चुनाव लड़कर रिकार्ड वोटों से जीते नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज हरित ने बताया कि उनके पिता वरिष्ठ अधिवक्ता व सेवानिवृत्त जनपद न्यायाधीश श्री नानक चंद हरित जी की प्रेरणा से उन्होंने यह चुनाव लड़ा। उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को कार्यक्रम स्थल पर परखा। उनके साथ कार्यक्रम की तैयारियों में अधिवक्ता विशम्भर आनंद, हाईकोर्ट के अधिवक्ता कृष्ण गोपाल शर्मा, वीके कोचर, तुषार खंडेलवाल, मोहम्मद इस्लाम, शमा परवीन, सैय्यद समीर अहमद, तुषार सागर, शिवम पाठक, शिवम तोमर, नमन दुबे आदि मौजूद रहे।

जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी रत्निका श्रीवास्तव ने स्थाई शेल्टर होम का किया निरीक्षण

बरेली। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने मंगलवार को नगर निगम जोनल कार्यालय के पास, प्रेम नगर स्थित स्थाई शेल्टर होम का निरीक्षण किया।जिलाधिकारी ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि रेलवे व बस स्टेशनों पर शेल्टर होम का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाये, जिससे लोग इसका लाभ उठा सकें।

उन्होंने निर्देश दिये कि शेल्टर होम में रह रहे लोगों के लिये गर्म पानी, साफ-सफाई तथा अलाव आदि की व्यवस्था रखी जाये, जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो। उन्होंने शेल्टर होम रजाई व गद्दों को भी देखा और निर्देश दिये कि साफ-सुथरे बिस्तर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। जिलाधिकारी को केन्द्र व्यवस्थापक ने अवगत कराया कि शेल्टर होम में 25 लोगों के ठहरने की व्यवस्था है, जिसमें से 14 पुरुष तथा 11 महिलाएं रह सकती हैं। निरीक्षण के समय उप जिलाधिकारी सदर रत्निका श्रीवास्तव, केन्द्र व्यवस्थापक सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!